
विराट कोहली पुराने फॉर्म में लौटते नजर आ रहे हैं। उन्होंने एशिया कप 2022 में लगातार दो अर्धशतक जड़े थे। हालांकि सुपर चार में पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाने के बाद उनके द्वारा दिए गए बयान पर अब कोहराम मच गया है। एक बार फिर विराट और बीसीसीआई आमने-सामने आ गए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ सुपर फोर में कोहली ने 44 गेंदों में 60 रन बनाए। हालांकि टीम इंडिया यह मैच पांच विकेट से हार गई थी।
माही के अलावा किसी ने सपोर्ट नहीं किया
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान ने अपनी फॉर्म को लेकर भावुक हो गए और कहा कि टेस्ट कप्तानी छोड़ने के बाद केवल महेंद्र सिंह धोनी का संदेश उनके पास आया। धोनी के अलावा किसी ने उन्हें मैसेज तक नहीं किया। विराट के इस बयान के बाद बवाल मच गया है। इस पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी ने अपना पक्ष रखा। इनसाइडस्पोर्ट की खबर के मुताबिक बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि सभी ने विराट का समर्थन किया। पता नहीं किस बारे में बात कर रहे हैं पूर्व भारतीय कप्तान।
सभी ने विराट का समर्थन किया
अधिकारी ने कहा कि सभी ने विराट का समर्थन किया। वे कह रहे हैं कि उन्हें समर्थन नहीं मिला, यह गलत है। जब उन्हें ब्रेक की जरूरत होती थी, तब दिया जाता था। टेस्ट कप्तानी छोड़ने पर बोर्ड अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर उनके अच्छे होने की कामना की। अधिकारी ने कहा कि इसलिए हमें नहीं पता कि विराट किस बारे में और क्या बात कर रहे हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि बीसीसीआई एवं पूर्व कप्तान में कोई अंतर नहीं है। भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान का हर–कोई सम्मान करता है। वह एक महान और अहम खिलाड़ी हैं। उनकी फॉर्म भी सही टाइम पर आई।
कप्तानी को लेकर भी हुआ था विवाद
इससे पहले भी विराट और बीसीसीआई कप्तानी को लेकर आमने-सामने आ चुके हैं। कोहली ने टी20 वर्ल्डकप 2021 के बाद टी20 कप्तानी छोड़ दी थी। हालांकि, इसके बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले उनसे एकदिवसीय कप्तानी भी छीन ली गई। उन्होंने कहा कि टीम की घोषणा से कुछ देर पहले उन्हें (विराट) कप्तान से हटाए जाने की सूचना दी गई थी।