
रोहित शर्मा के नेतृत्व में टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2022 में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को शानदार अंदाज में 71 रन से हरा दिया। इसी के साथ कप्तान रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के बाबर आजम का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वह टी20 क्रिकेट में यह रिकॉर्ड बनाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में।
रोहित शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत दर्ज करते ही बाबर आजम का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीतने वाले कप्तान बन गए हैं। साल 2022 में उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत समेत 21 T20 मैच जीते हैं। जबकि बाबर आजम ने पिछले साल 20 टी20 मैच जीते थे। वहीं वर्ष 2016 में दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने 15 टी20 मैच जीते थे। इस तरह रोहित एक साल में सबसे ज्यादा जीत के मामले में आगे हैं।
रोहित शर्मा 2007 से टी20 वर्ल्डकप में हिस्सा ले रहे हैं, लेकिन बतौर कप्तान यह उनका प्रथम टी20 वर्ल्ड कप है। उन्होंने टीम इंडिया की कमान बेहतरीन तरीके से संभाली है। वह डीआरएस लेने में माहिर हो गया है। टी20 वर्ल्ड कप 2022 में रोहित ने अपनी कप्तानी में पांच में से 4 मैच जीते हैं। वहीं उन्होंने बतौर कप्तान टी20 क्रिकेट में 50 मैच भी पूरे किए हैं।
रोहित शर्मा अपनी खतरनाक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन टी20 विश्व कप 2022 में वह अपनी बेहतरीन फॉर्म में नहीं दिखे हैं। उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ अर्धशतक जरूर लगाया था, लेकिन उसके बाद उनका बल्ला खामोश है। भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि वह इंग्लैंड टीम के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में रन बनाएंगे।