
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम Rohit Sharma की कप्तानी में नई कहानी लिखने के लिए आगे बढ़ी है। मैच जीतना हो या सीरीज, भारतीय टीम हर बार झंडे गाड़ रही है और नए रिकॉर्ड बना रही है। ऐसा लगता है जैसे शर्मा एंड कंपनी जीत के रथ पर सवार हो। लेकिन क्या यह जीत हमें वर्ल्ड कप (T-20 World Cup 2022) दिला पाएगी। ये एक बड़ा सवाल है जो इंडियन टीम की टेंशन बढ़ा सकता है। वजह है विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा का भी खराब फॉर्म। रोहित शर्मा की बल्लेबाजी पर नजर- पड़ती है तो जीत की खुशी थोड़ी कम हो जाती है। कप्तान रोहित शर्मा ने टीम की कमजोरी को पकड़ा लेकिन क्या वह अपने कमजोरियों को नजरअंदाज कर रहे हैं।
जीत की चमक और रोहित का रूप
टीम इंडिया के नए कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी में हिंदुस्तान ने टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज तथा श्रीलंका को हरा दिया। भारत की इस जीत से हर कोई खुश है, लेकिन क्या इस प्रदर्शन के World Cup का सपना साकार हो सकता है। यह अलग बात है कि अब हिटमैन शर्मा का टीम में बने रहने के लिए हर बार बल्ले से कमाल करना जरूरी नहीं है। लेकिन इस खेल में हर खिलाड़ी का प्रदर्शन उतना ही महत्वपूर्ण होता है जितना कि एक कप्तान का भी होता है।
कप्तानी में रोहित के प्रदर्शन पर कोई शक नहीं है। लेकिन इस प्रारूप में, Rohit उस अद्भुत और तेज शुरुआत में विफल रहा जिसकी हिटमैन से उम्मीद थी।
रोहित शर्मा द्वारा टी20 इंटरनेशनल में खेली गई पिछली छः पारियों की बात करें तो उन्होंने मात्र 123 रन बनाए हैं। इन 6 पारियों में से दो मैचों में वह सिंगल डिजिट पर पवेलियन लौटे हैं। जबकि सर्वाधिक स्कोर केवल 44 रन का रहा है। हालांकि ये आंकड़े इतने बुरे नहीं हैं, लेकिन जब Rohit Sharma की बात आती है तो फैंस और टीम को उनसे काफी ज्यादा उम्मीद होगी। पिछली छः पारियों को देखकर आपको उनकी मौजूदा फॉर्म के बारे में पता चल ही गया होगा।
टी20 वर्ल्ड कप पर रोहित की नजर
टी20 वर्ल्ड कप अक्टूबर व नवंबर में होने वाला है। कप्तान बनते ही रोहित शर्मा ने विश्वकप जीतने की इच्छा जाहिर की और इस बड़े लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति भी बनाने लगे। पिछले वर्ष भारत का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। उस समय टीम चयन और प्लेइंग-ग्यारह पर भी सवाल उठाए गए थे। जिसके बाद रोहित शर्मा ने इन तमाम चुनौतियों से बचने केलिए अपनी रणनीति बनाई, जिसमें हर खिलाड़ी को उसकी जगह और जिम्मेदारी के बारे में बताया गया।
रोहित के पूर्णकालिक कप्तान बनने के बाद Team India ने उनकी कप्तानी में एक भी मैच नहीं हारा। जिसका मतलब है कि रोहित कप्तानी के हुनर में फॉर्म में हैं, लेकिन सभी फैंस को भी ‘हिटमैन’ के बल्ले की उम्मीद होगी, जिस पर कप्तान को भी ध्यान देना होगा।